प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ की लोक संस्कृति और आस्था के साथ परंपराओं से जुड़े लोकपर्व इगास का आयोजन जिला मुख्यालय पौड़ी में किया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगीतों और पारंपरिक लोकनृत्यों के माध्यम से पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोक परंपराओं का संरक्षण करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम में जय गढ़ गोरिल और जागृत समिति के साथ जय गढ़ कंडोलिया सांस्कृतिक दलों ने लोकगीतों एवं पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। लोकनायक माधो सिंह भंडारी के लोकगीतों की धुन पर थड़्या और चौंफला नृत्य प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने भी प्रतिभाग किया। अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान ने जनपदवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इगास हमारी लोक संस्कृति और आस्था के साथ पारंपरिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है। इस लोकपर्व की परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए युवाओं को भी पारंपरिक त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ना होगा। कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय महिलाओं ने कहा कि इगास पर्व पहाड़ की लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत से जुड़ा है। दीपावली के बाद मनाए जाने वाले इस पर्व की परंपरा को आगे बढ़ाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं को जानने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार और सभासद अरविंद रावत के साथ संस्कृतिकर्मी मनोज रावत अंजुल तथा केशर सिंह असवाल उपस्थित रहे। संस्कृति विभाग से सरिता सिंह और प्रेमचंद ध्यानी तथा इंद्रमोहन चमोली सहित स्थानीय नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
