प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचंद्र शेट ने शनिवार को जनगणना-2026 के अंतर्गत जनपद में संचालित स्वगणना कार्य की समीक्षा करते हुए इसकी धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित कर कार्य में तेजी लाने और प्रथम चरण में सभी विभागों के कर्मचारियों की स्वगणना अनिवार्य रूप से पूरी कराने के निर्देश दिए। विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने स्वगणना अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि 26 नवंबर तक सभी विभाग अपने-अपने कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की स्वगणना पूरी कराएं। इसके साथ ही नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाए। कूड़ा वाहनों के माध्यम से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया। उन्होंने जनगणना प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को भी अपनी स्वगणना पूरी करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनपद में निवास करने वाले गणमान्य व्यक्तियों और कॉलेजों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अभियान चलाकर स्वगणना कराने को कहा। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वगणना अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि निर्धारित समय में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल और अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जनपद के अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
