प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को पारदर्शी और शुद्ध तथा त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को विधानसभा क्षेत्रवार लक्ष्य निर्धारित कर मतदाता सूची का गहन सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से प्रत्येक मतदाता का सावधानीपूर्वक सत्यापन कराया जाए। मतदाता सूची में दर्ज दोहराव वाले नामों को नियमानुसार हटाने के साथ ही नाम और पिता के नाम तथा अन्य विवरणों में पाई जाने वाली त्रुटियों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। इसके लिए संबंधित मतदाताओं से फार्म-8 प्राप्त कर संशोधन की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने जनपद में 100 वर्ष की आयु पूरी कर चुके 109 मतदाताओं और 50 ट्रांसजेंडर मतदाताओं का दोबारा सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करना और अपात्र एवं दोहराव वाले नामों को नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने सभी निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की दैनिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में 12 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। इस पर 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर 2026 से पहले जनपद में कुल 11 लाख 94 हजार 797 मतदाता पंजीकृत थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान नए मतदाताओं के पंजीकरण के बाद 12 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में कुल 12 लाख 28 हजार 746 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 6 लाख 32 हजार 396 पुरुष और 5 लाख 96 हजार 300 महिला तथा 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची में कुछ मतदाताओं के नाम और पिता के नाम तथा विधानसभा क्षेत्र से संबंधित विवरणों में त्रुटियां सामने आई हैं। इनका निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा बूथ लेवल अधिकारी स्तर पर सत्यापन कर नियमानुसार संशोधन की कार्रवाई की जा रही है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा तथा अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार एवं परियोजना निदेशक विक्रम सिंह और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित सभी निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
