Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में कार्यरत गेस्ट फैकल्टी के मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव शीघ्र ही कैबिनेट बैठक में लाया जाएगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने शनिवार को विधानसभा स्थित सभाकक्ष में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने प्रदेशभर के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में तैनात गेस्ट फैकल्टी को यूजीसी के अनुरूप निर्धारित मानदेय देने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में विभिन्न संकायों में लगभग 400 गेस्ट फैकल्टी तैनात हैं। इन्हें यूजीसी द्वारा निर्धारित 57 हजार 700 रुपये प्रतिमाह मानदेय देने की मांग लंबे समय से की जा रही है। वर्तमान में गेस्ट फैकल्टी को लगभग 35 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। डॉ.रावत ने कहा कि गेस्ट फैकल्टी को यूजीसी द्वारा निर्धारित मानदेय उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र ही प्रस्ताव कैबिनेट बैठक में लाया जाएगा ताकि उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी की जा सके। बैठक में मंत्री ने अधिकारियों से विभागीय व्यय बजट की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने अवशेष बजट शीघ्र खर्च करने और विभिन्न निर्माण कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं के शिलान्यास तथा पूर्ण हो चुकी योजनाओं के लोकार्पण की सूची तैयार करने को कहा। डॉ.रावत ने विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों में छात्रावासों के संचालन और छात्र-छात्राओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यदि छात्रावासों में छात्र-छात्राएं रहने नहीं आते हैं तो उनके स्थान पर शिक्षकों और कर्मचारियों को छात्रावास में रहने की अनुमति दी जा सकती है ताकि छात्रावासों का सदुपयोग हो सके। उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को निःशुल्क टैबलेट वितरित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को टैबलेट वितरण से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में उच्च शिक्षा सचिव बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम और अपर सचिव मनुज गोयल तथा उच्च शिक्षा निदेशक डॉ.ए.एस.उनियाल एवं संयुक्त निदेशक डॉ.संगीता गुप्ता के साथ उप सचिव हरीश सागर और दीपक कुमार तथा विधि अधिकारी डॉ.बी.सी.चौबे सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। जनसंपर्क अधिकारी एवं मीडिया प्रभारी वी.पी. सिंह बिष्ट ने यह जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *