प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पीयर लर्निंग कार्यशाला का उद्देश्य सार्वजनिक आधारभूत संरचनाओं और परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन के लिए अंतरराष्ट्रीय अनुभवों तथा नवाचारों और व्यावहारिक कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करना रहा। कार्यशाला में इनके प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में ठोस रणनीति विकसित करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही परिसंपत्तियों के नियोजन और निर्माण तथा संचालन एवं रखरखाव के साथ उनके दीर्घकालिक उपयोग को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में प्राथमिकता वाली परिसंपत्तियों की पहचान और प्रदर्शन मानकों का निर्धारण तथा अंतर विश्लेषण एवं प्राथमिकता आधारित कार्यवाही जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय अनुभवों के आदान-प्रदान और संस्थागत एवं वित्तीय व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने तथा आधारभूत संरचना परिसंपत्ति प्रबंधन योजना के क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। कार्यशाला के अंतिम दिवस विभिन्न सार्वजनिक परिसंपत्तियों के लिए तैयार की गई आधारभूत संरचना परिसंपत्ति प्रबंधन योजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया गया। इनमें घाना के ऐतिहासिक किलों के संरक्षण की योजना और हल्द्वानी के वर्षा जल निकासी नेटवर्क तथा देहरादून की आईएसबीटी आवासीय सोसायटी शामिल रही। इसके साथ ही राज्य की आयुष स्वास्थ्य सुविधाओं में सूचना प्रौद्योगिकी एवं चिकित्सकीय उपकरणों के प्रबंधन और देहरादून की शीशमबाड़ा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सुविधा तथा 33/11 केवी विद्युत पावर ट्रांसफॉर्मर एवं उत्तराखंड के ग्रामीण सड़क आधारभूत ढांचे से संबंधित योजनाएं भी प्रस्तुत की गईं। प्रत्येक कार्ययोजना पर विशेषज्ञों और अन्य प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिक्रिया एवं सुझाव दिए। इस अवसर पर आशीष श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी विभागों को अपनी परिसंपत्ति प्रबंधन योजनाएं सुव्यवस्थित और सुदृढ़ तरीके से तैयार करनी चाहिए। केन्या और घाना से आए विशेषज्ञों ने संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के विभाग (यूएनडीईएसए) और सीपीपीजीजी उत्तराखंड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की कार्यशालाओं से ज्ञान का आदान-प्रदान करने और एक-दूसरे के यहां अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों को जानने का अवसर मिलता है। इसके बाद यूएनडीईएसए और सीपीपीजीजी की ओर से प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। अंत में डॉ.मनोज पंत ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित कार्यशाला के दौरान तैयार की गई आठ परिसंपत्ति प्रबंधन योजनाओं में से कुछ योजनाएं क्रियान्वयन के चरण में पहुंच चुकी हैं। कार्यशाला में सचिव डॉ.आशीष श्रीवास्तव और यूएनडीईएसए के डॉ.डेनियल प्लात्ज़ तथा सीपीपीजीजी के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ.मनोज पंत सहित नेपाल और श्रीलंका तथा भूटान एवं केन्या और घाना से आए अतिथियों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा विभिन्न विभागों के प्रतिभागियों और दून विश्वविद्यालय के शहरी विकास विषय के छात्र-छात्राओं तथा संकाय सदस्यों ने भी कार्यशाला में भाग लिया।
