Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में शनिवार को हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सभागार में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित मोबाइल ऐप और पोर्टल का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ऐप और पोर्टल की विशेषताओं तथा उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि एआई आधारित इस मोबाइल ऐप और पोर्टल के माध्यम से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी निगरानी की जाएगी। इसके अंतर्गत स्वच्छता और स्वास्थ्य तथा शिक्षा सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन पर नजर रखी जा सकेगी। आधुनिक तकनीक के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में भी यह ऐप और पोर्टल सहायक होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के साथ ही जनसुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एआई आधारित ऐप और पोर्टल के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक सरल और सुलभ तरीके से त्वरित रूप से पहुंचाई जा सकेगी। इससे लोगों को योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और उनका लाभ उठाने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि तकनीक के बेहतर उपयोग से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ ही सरकारी सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकता है। सरकार का प्रयास है कि आधुनिक तकनीक का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की। मेलाधिकारी सोनिका ने मुख्यमंत्री को कुंभ मेले के दृष्टिगत संचालित विभिन्न विकास कार्यों और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ आयोजन की तैयारियों की प्रगति से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। इस अवसर पर आईजी मेला योगेंद्र सिंह रावत और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर तथा मुख्य नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र के साथ एसएसपी मेला आयुष अग्रवाल और सचिव हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण प्रत्यूष सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *