Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के दृष्टिगत निर्धारित कार्यकाल पूरा कर चुके टिहरी गढ़वाल जनपद के पांच पुलिस निरीक्षकों को अन्य जनपदों में स्थानांतरित किया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड देहरादून से जारी आदेशों के अनुपालन में 21 नवंबर 2026 को इन सभी निरीक्षकों को उनके नवीन तैनाती जनपदों के लिए टिहरी गढ़वाल से विधिवत कार्यमुक्त कर दिया गया। स्थानांतरित होने वाले निरीक्षकों में संजय मिश्रा को हरिद्वार और देवराज शर्मा को चमोली भेजा गया है। वहीं प्रविंद्र सिंह रावत को रुद्रप्रयाग तथा अजय कुमार जाटव को हरिद्वार और प्रताप सिंह को रुद्रप्रयाग जनपद में स्थानांतरित किया गया है। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने पुलिस कार्यालय नई टिहरी में स्थानांतरित निरीक्षकों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया। समारोह के दौरान उन्होंने जनपद में सेवाकाल के दौरान निरीक्षकों द्वारा किए गए कार्यों और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने सभी निरीक्षकों को आगामी कार्यक्षेत्र और नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस विभाग में स्थानांतरण एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी को अपने सेवाकाल में विभिन्न जनपदों और परिस्थितियों में कार्य करने का अवसर मिलता है। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी से अपेक्षा रहती है कि वह अपने अनुभव और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अनुशासन एवं कार्यकुशलता बनाए रखते हुए पुलिस विभाग की गरिमा को कायम रखे तथा जनसेवा और कानून व्यवस्था से जुड़े दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करे। उन्होंने सभी निरीक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने नए तैनाती जनपदों में भी पूर्ण समर्पण और ईमानदारी के साथ जिम्मेदारियां निभाएंगे तथा पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में योगदान देंगे। विदाई समारोह के दौरान स्थानांतरित निरीक्षकों ने भी टिहरी गढ़वाल में अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और यहां कार्य करने के दौरान मिले सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा सहित पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *