Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए चमोली पुलिस द्वारा जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यातायात निदेशालय देहरादून से प्राप्त निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक यातायात त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पोखरी पुलिस द्वारा राजकीय महाविद्यालय नागनाथ पोखरी एवं राजकीय पॉलिटेक्निक पोखरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही कोतवाली गोपेश्वर और कोतवाली गैरसैंण तथा कोतवाली ज्योतिर्मठ और कोतवाली चमोली के साथ थाना थराली एवं यातायात पुलिस चमोली द्वारा भी जनपद के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान आमजन और छात्र-छात्राओं को बताया गया कि दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले सह-सवार के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। जागरूकता पंपलेट वितरित कर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और स्वयं के साथ अपने सहयात्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया कि 23 नवंबर 2026 से दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठी सवारी द्वारा हेलमेट नहीं पहनने पर संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा कार्रवाई शुरू होने से पहले लोगों को नियमों के प्रति जागरूक और सचेत किया जा रहा है ताकि निर्धारित तिथि से पहले ही सभी वाहन चालक और पीछे बैठने वाले यात्री हेलमेट पहनने की अनिवार्यता का पालन करें। चमोली पुलिस ने अपील की है कि दोपहिया वाहन पर सफर करते समय चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति दोनों हेलमेट अवश्य पहनें और हेलमेट की स्ट्रिप लॉक करना न भूलें। यातायात नियमों का पालन चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं बल्कि अपनी और अपनों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए करें। पुलिस ने कहा कि निकट भविष्य में हेलमेट नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *