प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत देवप्रयाग पुलिस ने चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए लोहे के सभी 13 पाइप शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। घटना के संबंध में 20 नवंबर 2026 को मोहम्मद अमीन पुत्र अब्दुल रशीद निवासी चासना जिला रियासी जम्मू-कश्मीर ने कोतवाली देवप्रयाग में लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह मोहम्मद अनीश कंस्ट्रक्शन कंपनी में मुंशी के पद पर कार्यरत हैं। कंपनी द्वारा हिंडोलाखाल रोड पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए कार्यस्थल पर लोहे के 13 पाइप रखे गए थे। 20 नवंबर को कार्यस्थल पर पहुंचने पर सभी 13 पाइप गायब मिले। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें चोरी कर लिया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरुण त्यागी को सौंपी। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देवप्रयाग के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरागरसी-पतारसी की तथा मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटेज की सहायता से साक्ष्य जुटाए। लगातार प्रयासों और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस ने चोरी की घटना में संलिप्त अरविंद सजवाण पुत्र कुंवर सिंह सजवाण निवासी ग्राम पालकोट पट्टी पालकोट थाना देवप्रयाग जनपद टिहरी गढ़वाल उम्र 39 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए लोहे के सभी 13 पाइप बरामद किए गए। इस प्रकार सूचना मिलने के मात्र 24 घंटे के भीतर पुलिस ने चोरी की गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए घटना का खुलासा कर दिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरुण त्यागी और हेड कांस्टेबल पवन रावत तथा कांस्टेबल पिंटू दास शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने कहा कि आमजन की संपत्ति की सुरक्षा और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाए जाते रहेंगे।
