प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 में सोशल मीडिया पर रील बनाने और अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने के शौकीन युवाओं को विशेष अवसर मिलने जा रहा है। श्रीनगर नगर निगम ने मेले को डिजिटल मंच पर नई पहचान दिलाने और युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रील और फोटो ऑफ द डे प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस प्रतियोगिता को आकर्षक नाम चल यार रील बनौंदा दिया गया है। नगर निगम की ओर से जारी प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार यह आयोजन 22 से 29 नवंबर तक चलेगा। इसमें प्रतिभागियों को बैकुंठ चतुर्दशी मेले पर आधारित रील और फोटो तैयार कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करना होगा। 22 नवंबर को मेले की तैयारियों पर आधारित रील और फोटो भी प्रतियोगिता में शामिल किए जाएंगे। प्रतियोगिता में रील की अवधि 30 से 45 सेकंड निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों द्वारा तैयार की जाने वाली रील और फोटो उनकी स्वयं की मौलिक रचना होनी चाहिए। इसके साथ ही रील में नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट को टैग करना अनिवार्य होगा। प्रतिभागी अपनी रील में स्वयं की वॉयस नोट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को प्रतिदिन शाम छह बजे तक अपनी रील अथवा फोटो अपलोड कर उसका लिंक नगर निगम द्वारा जारी निर्धारित मोबाइल नंबरों पर भेजना होगा। इसके बाद प्रतिदिन सर्वश्रेष्ठ रील और फोटो को रील अथवा फोटो ऑफ द डे घोषित किया जाएगा। मेले के समापन पर प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए बेस्ट रील और फोटो ऑफ द डे श्रेणी में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। नगर निगम की इस पहल से युवाओं और सोशल मीडिया क्रिएटर्स को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा। वहीं बैकुंठ चतुर्दशी मेले की धार्मिक सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर पहचान मिल सकेगी। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए #Baikuntchaturdashimela और #nagarnigamsrinagargarhwal हैशटैग का इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए नगर निगम की ओर से 81261 68651 81918 38484 और 70784 75982 मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं। प्रतिभागी नगर निगम के आधिकारिक इंस्टाग्राम एवं फेसबुक अकाउंट के माध्यम से भी प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बैकुंठ चतुर्दशी मेले में युवाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका रील और फोटो प्रतियोगिता होगी आयोजित
