प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में अपराधों की रोकथाम कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत न्यायालयों से जारी गिरफ्तारी वारंटों की शत-प्रतिशत तामील तथा लंबे समय से न्यायालय में उपस्थित नहीं होने वाले वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सभी थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना छाम पुलिस ने नई टिहरी स्थित न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के अनुपालन में कार्रवाई करते हुए वारंटी अभियुक्त दीपक सिंह पुत्र भरत सिंह निवासी ग्राम बैलगांव पट्टी जूआ थाना छाम जनपद टिहरी गढ़वाल को उसके आवास से गिरफ्तार किया। थाना छाम पुलिस द्वारा वारंटी अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस टीम ने तत्परता एवं सक्रियता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में अपर उप निरीक्षक जुगल किशोर भट्ट हेड कांस्टेबल सुनील चौहान एवं होमगार्ड भीम शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत अपराधियों वांछित अभियुक्तों एवं न्यायालय से जारी वारंटों में फरार चल रहे व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के साथ जनसुरक्षा के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।
