प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा युवाओं को कानून एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड देहरादून ने 21 नवंबर 2026 को कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्रांतर्गत स्थित हरिओम सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड मेडिकल साइंस में विशेष जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र-छात्राओं शिक्षकों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नष्ट करता है बल्कि उसके पूरे परिवार और भविष्य को भी अंधकार में धकेल देता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास किसी भी प्रकार की नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का हर युवा देश का भविष्य है इसलिए अपने करियर को सुरक्षित रखने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए सही मार्ग का चयन करना बेहद जरूरी है। नशे से दूरी बनाकर ही युवा अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता के संबंध में उन्होंने वर्तमान डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग ऑनलाइन धोखाधड़ी डिजिटल अरेस्ट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित ठगी से बचने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के विषय में विशेष रूप से छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने उत्तराखण्ड पुलिस के गौरा शक्ति ऐप और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को बिना किसी भय या संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रखने के लिए प्रेरित किया। यातायात सुरक्षा के संबंध में उन्होंने युवाओं से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा रखी गई समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया। अपर पुलिस महानिदेशक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रबंधन छात्र-छात्राओं स्थानीय जनता एवं क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी क्षेत्राधिकारी प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिरान कलियर कॉलेज के प्राचार्य शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
