Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशों पर जनपद चमोली में स्कूल बसों और वैन सहित अन्य यात्री वाहनों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गोपेश्वर क्षेत्र में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पुनीत कुमार और यातायात निरीक्षक दिगम्बर उनियाल ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों की जांच कर सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों के साथ यातायात नियमों के पालन की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों और परिचालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने के निर्देश दिए। बच्चों के वाहन में चढ़ने और उतरने के दौरान विशेष सावधानी बरतने को भी कहा गया। वहीं स्कूल प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक और स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि 16 से 22 नवंबर 2026 तक चलने वाला यह राज्यव्यापी संयुक्त अभियान जनपद चमोली में भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *