प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड के लोकपर्व ईगास बग्वाल (बूढ़ी दिवाली) के अवसर पर शुक्रवार देर सायं बौराड़ी स्टेडियम नई टिहरी में ईगास बग्वाल कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय एवं जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने प्रतिभाग कर सभी को ईगास बग्वाल की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने बच्चों द्वारा ईगास बग्वाल के अवसर पर बनाई गई रंगोली का निरीक्षण किया तथा भैला पूजन कर पारंपरिक रूप से भैला खेला। साथ ही रंगोली प्रतियोगिता के प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि हमारे स्थानीय लोकपर्व हमारी सभ्यता और संस्कृति के प्रतीक हैं। लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए इन्हें पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाना आवश्यक है ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी विरासत को समझ सकें और उससे जुड़ाव महसूस कर सकें। उन्होंने सफल आयोजन के लिए नगर पालिका अध्यक्ष एवं सभी सभासदों का आभार व्यक्त किया। साथ ही बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगोली एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें प्रोत्साहित भी करते हैं। ऐसे आयोजन उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने और प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के विकसित भारत-2047 के विजन में योगदान देने के लिए भी प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इस अवसर पर वीर भड़ माधो सिंह भण्डारी के जीवन एवं वीरता पर आधारित नाट्य प्रस्तुति का भी मंचन किया गया। इसके माध्यम से उनके शौर्य साहस एवं ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत सभासद प्रीति पोखरियाल विनीत उनियाल सहित अन्य सभासदगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
