प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पांचवें अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 में प्रतिभाग कर रहे देश-विदेश के साइकिलिस्टों का दल रविवार 22 नवंबर को चमोली जनपद से गुजरा। उत्तराखंड में 20 नवंबर से शुरू हुई यह अंतरराष्ट्रीय साइकिल प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर लगभग 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी। प्रतियोगिता में देश के करीब 18 राज्यों के माउंटेन साइकिलिस्टों के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी तथा भारतीय सेना भारतीय वायु सेना और आईटीबीपी के साइकिलिस्ट भी हिस्सा ले रहे हैं। रविवार को साइकिलिस्टों का दल बैजनाथ-ग्वालदम-थराली-नारायणबगड़-कर्णप्रयाग मार्ग से होते हुए चमोली पहुंचा और यहां से तिलवाड़ा जनपद रुद्रप्रयाग के लिए रवाना हुआ। साइकिलिस्टों के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए चमोली पुलिस ने जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही पूरे दल को एस्कॉर्ट किया। मार्ग में पड़ने वाले भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस कर्मियों ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए यह सुनिश्चित किया कि साइकिलिस्टों को मार्ग में किसी तरह की बाधा या परेशानी न हो। पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच साइकिलिस्टों का दल निर्धारित मार्ग से सकुशल गुजरा और रुद्रप्रयाग जनपद की सीमा के लिए रवाना हुआ। चमोली पुलिस के अनुसार जनपद से गुजरने वाले यात्रियों पर्यटकों और प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों की सुरक्षा एवं सुविधाजनक आवागमन के लिए पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है।
