Spread the love

प्रदीप कुमार
कनखल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कनखल थाना क्षेत्र के विष्णु गार्डन में संविदा पर नियुक्त चालक ने अपने अधिकारी को गोली मार दी। गोली अधिकारी को छूकर निकल गई जिससे वह बाल-बाल बच गए। घायल अधिकारी चन्द्रप्रकाश नौटियाल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना 21 नवंबर 2026 की है। सूचना मिलने पर कनखल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संविदा चालक विनोद नेगी पुत्र भारत सिंह निवासी ग्राम जयहरी तहसील यमकेश्वर जनपद पौड़ी गढ़वाल हाल निवासी सर्वप्रिय विहार कनखल हरिद्वार ने अपने अधिकारी चन्द्रप्रकाश नौटियाल निवासी विष्णु गार्डन कनखल को गोली मारी थी। घटना के बाद आरोपी ने पुलिस के पहुंचने से पहले घटनास्थल को साफ करने का प्रयास किया। वह फर्श पर पोछा लगाकर सफाई करने लगा और कपड़े बदलकर मौके से फरार होने की तैयारी कर रहा था लेकिन कनखल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2006 से संबंधित कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत था। पिछले चार से पांच महीनों से उसका अधिकारी के साथ विवाद चल रहा था। आरोपी के अनुसार अधिकारी की ओर से कथित रूप से परेशान किए जाने और बार-बार टोका-टाकी किए जाने से वह नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने गोली चलाने की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने अधिकारी चन्द्रप्रकाश नौटियाल की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है। आरोपी विनोद नेगी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और कांस्टेबल संजू सैनी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *