प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जिला समाज कल्याण अधिकारी देहरादून ने सुश्री रेक्सा दानू को जनपद के समस्त ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए मतदान आइकॉन नामित किया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय के मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना और उन्हें लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। रेक्सा दानू अपने समुदाय के सदस्यों को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करेंगी। नामित मतदान आइकॉन आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 के दौरान जनपद के आम नागरिकों को भी अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने और मतदान के दिन अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदान करने का संदेश देंगी। साथ ही अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (ट्रांसजेंडर) देहरादून दीपांकर घिल्डियाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। ट्रांसजेंडर समुदाय को मतदान जागरूकता अभियान से जोड़ना समावेशी एवं सहभागी लोकतंत्र की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस अभियान के माध्यम से जनपद में कोई मतदाता न छूटे और प्रत्येक मतदाता मतदान करे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
