प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं। 23 नवंबर को एसपी सिटी दीपक कुमार और एसपी देहात अभय कुमार ने ऋषिकुल स्थित ऑडिटोरियम में स्नान पर्व के लिए तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं के हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान के लिए पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन 11 जोन और 36 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। पूरे मेला क्षेत्र में पुलिस की चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की निगरानी के लिए स्थानीय अभिसूचना इकाई के अधिकारी सादे तौर पर भी निगरानी रखेंगे। प्रत्येक जोन में तैनात पुलिसकर्मी क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों के साथ समन्वय बनाए रखेंगे और किसी भी समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल उसके समाधान के प्रयास करेंगे। ब्रीफिंग में पुलिस बल को निर्देश दिए गए कि पिछले स्नान पर्वों के अनुभव को देखते हुए अचानक बढ़ने वाली भीड़ से निपटने के लिए पहले से सभी छोटी-बड़ी तैयारियां पूरी रखी जाएं। सभी पुलिसकर्मी स्वच्छ वर्दी में उच्चकोटि का अनुशासन बनाए रखें और अपने प्रतिस्थानी के ड्यूटी पर पहुंचने से पहले कोई भी कर्मचारी अपना ड्यूटी स्थल न छोड़े। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन दृढ़ता और संयम के साथ करें। भीड़ बढ़ने की स्थिति में सुपर जोनल और जोनल अधिकारी अपने क्षेत्रों में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर भीड़ का दबाव नियंत्रित करेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग सहित सभी मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए निर्धारित यातायात योजना का पालन कराया जाएगा। स्नान पर्व के दौरान जनपद में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। रात्रि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि राष्ट्रीय राजमार्ग या अन्य मार्गों पर वाहनों को अनावश्यक रूप से खड़ा न होने दें और सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग में भेजें। मां मनसा देवी और चंडी देवी में तैनात ड्यूटी प्रभारी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना सुनिश्चित करेंगे। भीड़ का दबाव बढ़ने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना देंगे। महिला घाट पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए क्योंकि यहां अधिक भीड़ रहने की संभावना रहती है। महिला घाट पर श्रद्धालुओं को स्नान के लिए अनावश्यक रूप से अधिक समय नहीं दिया जाएगा और स्नान के बाद उन्हें लगातार घाट से बाहर निकाला जाएगा। स्नान पर्व के दौरान पुलिसकर्मियों की 12-12 घंटे की दो पारियों में ड्यूटी लगाई गई है। सभी कर्मियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और मुस्तैदी से जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए। गंगा घाटों पर डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए जल पुलिस की टीमें लगातार तैनात और सतर्क रहेंगी। हरकी पैड़ी क्षेत्र से भिखारियों को हटाने के निर्देश भी दिए गए ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सके। अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के लिए बम निरोधक दस्ते और श्वान दल की टीमें तैनात रहेंगी। ये टीमें घाटों के संवेदनशील स्थानों के साथ रेलवे स्टेशन बस अड्डे और अपर रोड मेला क्षेत्र में लगातार चेकिंग करेंगी। भीड़ नियंत्रण के लिए घुड़सवार पुलिस की दो टीमें भी लगातार क्षेत्र में भ्रमण करेंगी। घाटों पर तैनात ड्यूटी प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि वे सुबह दो बजे ही घाटों पर सो रहे श्रद्धालुओं को जगाकर घाट खाली कराना सुनिश्चित करें। किसी भी पुलिसकर्मी को अपने प्रतिस्थानी के आने से पहले ड्यूटी स्थल छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। ड्यूटी प्वाइंट छोड़ने से पहले सेक्टर प्रभारी को सूचना देना अनिवार्य होगा। प्रत्येक जोनल और सेक्टर प्रभारी अपने अधीनस्थ पुलिस बल को ब्रीफ करेंगे। सुपर जोनल जोनल और सेक्टर प्रभारी तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट आपसी समन्वय बनाए रखते हुए महत्वपूर्ण सूचनाओं का आदान-प्रदान करेंगे और एक-दूसरे के संपर्क नंबर उपलब्ध रखेंगे। पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ मधुर व्यवहार रखने और ड्यूटी के दौरान अनावश्यक मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए। घाटों पर श्रद्धालुओं को अनावश्यक रूप से बैठने नहीं दिया जाएगा और स्नान के बाद उन्हें तुरंत उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा। सभी पुलिसकर्मियों को आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया की जानकारी रखने के निर्देश दिए गए। हरकी पैड़ी और अन्य घाटों पर पर्याप्त मात्रा में रस्से और डिवाइडर उपलब्ध रखने को कहा गया ताकि भीड़ बढ़ने पर उनका उपयोग कर भीड़ को नियंत्रित और डायवर्ट किया जा सके। स्नान पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पुलिस बल में दो अपर पुलिस अधीक्षक 10 पुलिस उपाधीक्षक 16 निरीक्षक थानाध्यक्ष एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक 85 उपनिरीक्षक एवं अपर उपनिरीक्षक नौ महिला उपनिरीक्षक एवं महिला अपर उपनिरीक्षक 163 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी 50 महिला आरक्षी दो यातायात निरीक्षक 13 यातायात उपनिरीक्षक और 12 यातायात मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा अभिसूचना इकाई के 16 कर्मचारी बम निरोधक दस्ता एवं श्वान दल की एक टीम अग्निशमन उपकरणों सहित पांच टीमें जल पुलिस की पांच टीमें और एक बाढ़ राहत टीम पीएसी की चार कंपनियां और एक प्लाटून एक आंसू गैस दस्ता तथा चार प्रिजन वैन भी तैनात रहेंगी। ब्रीफिंग में सभी सुपर जोनल जोनल और सेक्टर पुलिस अधिकारियों के साथ प्रशासनिक सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
