प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 49 समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 28 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि शेष शिकायतों को त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। जनसुनवाई में राजस्व भूमि विवाद विद्युत अतिक्रमण जलभराव पेयजल और राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। वन गुर्जर बजीर अली निवासी गैंडीखाता ने अपने डेरों के आसपास सोलर लाइट लगवाने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। बाबूराम सैनी ने सरकारी नलकूप संख्या 99 जी को ग्राम गुम्मावाला नगर पंचायत इमलीखेड़ा तहसील रुड़की से स्थानांतरित कर उसी ग्राम में दूसरी जगह स्थापित करवाने की मांग की। तेजेंद्र सिंह ने ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया में मारुति शोरूम के निकट स्थित पार्क एवं सर्विस रोड पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण को हटवाने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की। यशपाल सिंह दाताराम सचिन कुमार रामकुमार और राव मुनतवीर ने ग्राम कुतुबपुर थाना रानीपुर तहसील एवं जिला हरिद्वार के खेतों में आबादी का गंदा पानी गोबर और कूड़ा-कचरा नाली के माध्यम से आने से फसल खराब होने की समस्या उठाई तथा इसके समाधान की मांग की। मनोज कुमार निवासी रोहालकी किशनपुर ने ग्राम पंचायत रोहालकी किशनपुर में सिंचाई विभाग एवं राजस्व विभाग के अभिलेखों में दर्ज रास्ते के खसरा नंबर 250 249 और 294 पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। वहीं मोहम्मद जाकिर पुत्र बरकत निवासी इक्कड़ खुर्द ब्लॉक बहादराबाद ने अपने गांव में अपने घर से अकील के घर तक 100 फुट सड़क बनवाने की मांग की। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में जनता की ओर से दर्ज कराई जा रही समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर जाकर निरीक्षण करें और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का सर्वोच्च प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण के निर्देश बैठक में सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान एल-1 स्तर पर 686 और एल-2 स्तर पर 184 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित पाई गईं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आरके सिंह उप जिलाधिकारी नीतू डांगर जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत जीएम डीआईसी उत्तम कुमार तिवारी अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार बिश्नोई जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नलिनी ध्यानी जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत परियोजना निदेशक उरेडा वाईएस बिष्ट सहित जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।
