Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित पांचवें संस्करण की अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन एमटीबी चैलेंज 2026 में प्रतिभाग कर रहे साइकिलिस्टों के सम्मान एवं उत्साहवर्धन के लिए जिला प्रशासन की ओर से जीएमवीएन तिलवाड़ा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने साइकिलिस्टों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और अब तक के रेस चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन साइकिलिस्टों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्हें श्री केदारनाथ धाम की प्रतिकृति स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की गई। प्रतियोगिता के अब तक के चरणों में लद्दाख के त्सेवांग नोरबू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि हरियाणा के शिवेन द्वितीय और आर्मी एडवेंचर टीम के खुशिमान घरती तृतीय स्थान पर रहे। जिलाधिकारी ने तीनों साइकिलिस्टों के साथ ही 65 वर्ष की आयु के साइकिलिस्ट डीपी पांडे को भी सम्मानित किया और उनके शानदार प्रदर्शन एवं साहसिक जज्बे की सराहना की। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सभी साइकिलिस्टों को मतदाता जागरूकता एवं बाल विवाह निषेध की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहने चाहिए बल्कि इन्हें सामाजिक जागरूकता का माध्यम भी बनाया जाना चाहिए। उन्होंने साइकिलिस्टों से नशामुक्ति और बाल विवाह निषेध के साथ महिला सशक्तिकरण पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों का संदेश देश-विदेश तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तराखण्ड के चुनौतीपूर्ण पर्वतीय भूभाग में साइकिलिस्ट जिस साहस धैर्य एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं वह सराहनीय है। इस प्रतियोगिता से उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता समृद्ध संस्कृति और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के जज्बे की सराहना करते हुए आगामी चरणों के लिए शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद की ओर से साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता 20 से 26 नवंबर तक मुक्तेश्वर नैनीताल से मसूरी देहरादून तक 658 किलोमीटर के निर्धारित मार्ग पर आयोजित की जा रही है। यह चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडल के 10 जनपदों से होकर गुजर रही है। साइकिलिस्ट 22 नवंबर को बागेश्वर से रुद्रप्रयाग पहुंचे थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 नवंबर को तिलवाड़ा में विश्राम दिवस रहा जबकि 24 नवंबर को सुबह 7:30 बजे साइकिलिस्ट तिलवाड़ा से टिहरी की कोटी कॉलोनी के लिए रवाना होंगे। जनपद में साइकिलिस्टों के आगमन एवं सुरक्षित आवागमन को लेकर जिला प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित विभागों एवं पुलिस प्रशासन ने यातायात प्रबंधन सुरक्षा रूट व्यवस्था और तिलवाड़ा में रात्रि विश्राम के साथ पेयजल स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के समुचित प्रबंध किए। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारुल गोयल पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के डायरेक्टर वीएन सिंह ज्वाइंट सेक्रेटरी शैलेन्द्र पाठक और प्रसन्ना राउत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *