प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नई टिहरी में दीक्षांत समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय और विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत कोषाधिकारी अंजली एवं सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्थान से प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले प्रशिक्षार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। विधायक किशोर उपाध्याय ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। सफलता के लिए शैक्षिक योग्यता के साथ व्यावहारिक कौशल और कार्य के प्रति समर्पण भी जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को अपने कौशल का निरंतर विकास करने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के प्रधानाचार्य आशुतोष उनियाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए संस्थान की प्रशिक्षण गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण देने के लिए संस्थान निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान से प्राप्त कौशल और प्रशिक्षण उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा। कार्यक्रम में संस्थान के कार्मिक भुवनेश्वर प्रसाद राजकुमार सुनील चौहान ओम प्रकाश उनियाल विकास चन्द्र कुलदीप रावत मंजुला रावत सरस्वती सुयाल विनोद कुमार बडोनी शिल्पी शर्मा शिवानी पंवार उमा शंकर सेमवाल अजय कुमार टम्टा किशोर कुमार कोठारी और रविन्द्र कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
