प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालय एमटीबी चैलेंज 2026 के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय एमटीबी साइकिल रेस मंगलवार को टिहरी गढ़वाल की कोटी कॉलोनी पहुंची। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद एवं साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस साहसिक साइकिल रेस में भारतीय सेना के जवानों सहित देश के विभिन्न राज्यों के कुल 75 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इस आयोजन में प्रतिभागियों के साथ मेडिकल टीम एसडीआरएफ साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सदस्य और तकनीकी दल सहित लगभग 150 लोग शामिल हैं। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए टीम 24 नवंबर को टिहरी पहुंची है। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को साइकिल रेस कोटी कॉलोनी से चिन्यालीसौड़ के लिए रवाना होगी। यह रेस भागीरथीपुरम और कुठा सहित निर्धारित मार्ग से होते हुए चिन्यालीसौड़ पहुंचेगी। इसके बाद 26 नवंबर को प्रतिभागी निर्धारित मार्ग से होते हुए मसूरी पहुंचकर अपनी यात्रा समाप्त करेंगे। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन में सहयोग प्रदान करने वाली पुलिस टीम स्वास्थ्य विभाग एसडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के साहसिक खेल आयोजनों से उत्तराखंड में खेल और एडवेंचर गतिविधियों के प्रति युवाओं एवं आमजन का आकर्षण बढ़ेगा। साथ ही प्रदेश को साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि टिहरी झील और आसपास के प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों को ऐसे आयोजनों के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इन आयोजनों से स्थानीय पर्यटन कारोबार होटल व्यवसाय होमस्टे परिवहन और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता पर्वतीय मार्गों और साहसिक खेलों के अनूठे संगम के माध्यम से प्रदेश को देश के प्रमुख साहसिक पर्यटन स्थलों में स्थापित करने में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
