Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने मंगलवार को सुमाड़ी गांव एवं निर्माणाधीन राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) परिसर में बैठक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की जानकारी साझा की। इस दौरान उन्होंने महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित की। सुमाड़ी के साथ ही खालू और चमराड़ा गांवों के महिला मंगल दलों को भी सांस्कृतिक सामग्री प्रदान की गई। निर्माणाधीन एनआईटी परिसर में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि वर्ष 2027 तक सुमाड़ी स्थित एनआईटी के स्थायी परिसर में कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि श्रीनगर विधानसभा को शिक्षा के हब के रूप में विकसित करना उनका लक्ष्य है और इसी दिशा में क्षेत्र में शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सुमाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना भी की जाएगी। इसके साथ ही लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से खेल मैदान ऑडिटोरियम मॉल सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनआईटी परिसर में बिजली और पानी की व्यवस्था कर दी गई है तथा संस्थान तक पहुंचने के लिए डबल लेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा। प्रथम चरण में 1500 छात्र-छात्राओं की क्षमता वाला हॉस्टल बनाया जाएगा। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने इंटर कॉलेज के नए भवन के निर्माण की भी बात कही। इस भवन के निर्माण पर लगभग एक करोड़ 10 लाख रुपये की लागत प्रस्तावित है। इसके साथ ही सुमाड़ी गांव के शेष बचे नौ परिवारों को भी आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मोहन काला ने कहा कि सुमाड़ी में एनआईटी का निर्माण कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बने मोहन काला का स्वागत करते हुए कहा कि उनके भाजपा में शामिल होने से पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिली है। बैठक में एनआईटी निदेशक विवेक श्रीवास्तव भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मोहन काला विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत नियुक्त जिला प्रभारी अजय राणा जिला महामंत्री गणेश भट्ट ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरजीत ग्राम प्रधान कृष्णा देवी विकास पंत और अजब सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व ग्राम प्रधान सत्यजीत बहुगुणा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *