Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था को लेकर चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में कुल 42 वाहनों के विरुद्ध 44 चालान किए गए जबकि दो मालवाहक वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान 19 बसों की भी जांच की गई। अभियान के दौरान कश्यप आश्रम ऋषिकुल मायापुर और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले तथा नो स्टॉपिंग क्षेत्र में खड़े 19 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहन आमजन के सुरक्षित आवागमन में बाधा उत्पन्न करने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ाते हैं। बसों की जांच के दौरान तीन बसों के आपातकालीन द्वार निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए जबकि तीन बसों में क्षमता से अधिक यात्री सवार मिले। इसके अलावा दो बसों में अनधिकृत परिवर्तन पाए गए। विभिन्न वाहनों में परमिट कर और अन्य आवश्यक अभिलेखों से संबंधित अनियमितताओं पर भी चालान किए गए। बकाया कर बीमा और फिटनेस संबंधी अभिलेखों में अनियमितता पाए जाने पर दो मालवाहक वाहनों को सीज किया गया। वहीं श्यामपुर क्षेत्र में निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले सात वाहनों के चालान किए गए। अभियान में परिवहन कर अधिकारी रवीन्द्र पाल सैनी और परिवहन उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार भी शामिल रहे। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और वाहन स्वामियों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने गति सीमा का पालन करने तथा यात्री सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *