प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट प्रकोष्ठ की ओर से छात्रों को उचित इंटर्नशिप कौशल विकास एवं प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए शुक्रवार 27 नवंबर को पर्वतीय पर्यटन एवं आतिथ्य केंद्र में बैठक आयोजित की गई। बैठक कुलपति प्रोफेसर प्रकाश सिंह की अध्यक्षता एवं निर्देशन में हुई। बैठक में कुलपति ने विभिन्न विभागों के बीच उचित समन्वय स्थापित करने के साथ उद्योगों संस्थानों उपक्रमों एवं कंपनियों से विभागीय स्तर पर भी विषयानुसार जुड़ाव बढ़ाने और प्रयोगात्मक शिक्षा की गुणवत्ता पर ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के निदेशक प्रोफेसर राकेश ड्योढ़ी ने सभी विभागों से अपने-अपने विभाग की ओर से किए गए प्रयासों के माध्यम से प्लेसमेंट प्राप्त करने वाले छात्रों की सूची तैयार कर प्रकोष्ठ को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। बैठक में कुलपति ने नई शिक्षा नीति तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट के लिए सक्रिय प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में नियुक्ति तथा प्रोन्नति के निदेशक प्रोफेसर एम.एस.पंवार अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर ओ.पी.गुसाईं प्रोफेसर एन.एस.पंवार प्रोफेसर आर.सी.डंगवाल प्रोफेसर आर.एस.नेगी प्रोफेसर अतुल ध्यानी प्रोफेसर अजीत नेगी प्रोफेसर प्रशांत कंडारी प्रोफेसर जी.के. जोशी तथा वित्त अधिकारी डॉ.ए.के.मोहंती विशेष रूप से उपस्थित रहे।
