Spread the love

खिर्सू ब्लाक की गर्भवती महिला को एयर एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।खिर्सू ब्लाक के चिमल्यूं गांव की 28 वर्षीय गर्भवती महिला सविता की तबीयत अचानक बिगड़ने पर प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के निर्देश पर उन्हें तत्काल एयर एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार गर्भवती महिला पहले पौड़ी अस्पताल में भर्ती थी। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर लाया गया,जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को नाजुक देखते हुए उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता बताई। मामला संज्ञान में आने पर स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल एयर एंबुलेंस की व्यवस्था करने के आदेश दिए।एयर एंबुलेंस की मदद से सविता को सुरक्षित एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया,जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार होगा। इस आपातकालीन सेवा से जच्चा-बच्चा दोनों की जान बच सकी। महिला के पति विपिन सिंह ने भावुक होते हुए प्रदेश सरकार और विशेष रूप से स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत का आभार जताया। उन्होंने कहा कि समय पर एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध न होती तो उनकी पत्नी और बच्चे की जान पर संकट आ सकता था।सरकार की उक्त सुविधा पर उन्होंने आभार जताया। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि राज्य सरकार दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों तक त्वरित चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के लिए गंभीर और संवेदनशील है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ.राकेश रावत ने बताया कि महिला का बीपी और शुगर लेवल बढ़ा हुआ था। चूँकि यह उनका पहला प्रसव था,इसलिए ऐसी स्थिति में जटिलताएँ आना सामान्य है।महिला और शिशु दोनों के स्वास्थ्य को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर उन्हें एयर एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हर मरीज को समय पर बेहतर और सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराया जाए,चाहे वह कितना भी दूरस्थ क्षेत्र से क्यों न हो। खिर्सू ब्लाक की गर्भवती महिला की स्थिति नाजुक होने की सूचना मिलते ही मैंने अधिकारियों को तत्काल एयर एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। हमारी प्राथमिकता मरीज की जान बचाना और उसे उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा तक पहुंचाना है। उक्त इमरजेंसी घटना से यह संदेश जाता है कि सरकार हर नागरिक के साथ खड़ी है और समय पर चिकित्सा सुविधा देने के लिए पूरी तरह संवेदनशील व प्रतिबद्ध है।डॉ.धन सिंह रावत,चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री उत्तराखंड सरकार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp