Spread the love

गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से की भेंट चर्चा में उच्च शिक्षा और शोध पर रहा फोकस

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर श्रीप्रकाश सिंह ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट की। इस दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय में चल रहे विकास कार्यों,अधोसंरचना विस्तार,अनुसंधान गतिविधियों और नयी शैक्षिक योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय लगातार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि विश्वविद्यालय क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा के नए आयाम स्थापित कर रहा है।प्रो.सिंह ने केंद्रीय मंत्री को विश्वविद्यालय के आगामी दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। इस पर मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान करते हुए विश्वविद्यालय के कार्यों की सराहना की और कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गढ़वाल विश्वविद्यालय की भूमिका उल्लेखनीय है। कुलपति और केंद्रीय मंत्री के बीच हुई यह भेंट सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक रही। बताया गया कि इस दौरान उच्च शिक्षा में नवाचार,शोध को प्रोत्साहन तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। कुलपति प्रो.सिंह ने केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद व्यक्त करते हुए आशा जताई कि विश्वविद्यालय को शिक्षा मंत्रालय से निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त होता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp