मुख्य विकास अधिकारी ने की मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा बैठक
प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवन्त की अध्यक्षता में आज विकास भवन में मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में इस योजना में शामिल विकासखण्ड दुगड्डा के मुरान्यू तथा यमकेश्वर के किमसार ग्रामों के समग्र विकास हेतु तैयार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बुधवार को आयोजित मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि दोनों गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।उन्होंने निर्देश दिए कि सभी रेखीय विभाग इन गांवों का स्थलीय निरीक्षण/सर्वेक्षण करते हुए अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर 15 नवम्बर 2025 तक विकास भवन में उपलब्ध कराएं ताकि कार्ययोजना के अनुसार योजनाओं को लागू करने,कार्य को पूरा करने में लगने वाले समय व लागत का समग्र मूल्यांकन किया जा सके।उन्होंने कहा कि पेयजल,मार्ग,स्वच्छता,शिक्षा,स्वास्थ्य,ऊर्जा एवं आजीविका संवर्धन से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना में शामिल किया जाय । उन्होंने यह भी कहा कि कार्ययोजनाओं में कार्य के पूर्ण होने की समयावधि और लागत का स्पष्ट उल्लेख किया जाय।बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय,जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर,जिला पर्यटन विकास अधिकारी के.एस.नेगी मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ.विशाल शर्मा,लीड बैंक अधिकारी मीनाक्षी शुक्ला,जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
