बैकुंठ चतुर्दशी मेला 2025: श्रीनगर में संस्कृति श्रद्धा और मनोरंजन का अनोखा संगम
प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर में नगर निगम की ओर से आयोजित होने वाला पारंपरिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला 2025 इस वर्ष और भी भव्य रूप में मनाया जाएगा। मेले का शुभारंभ आगामी 4 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।इस अवसर पर मेयर आरती भंडारी और नगर आयुक्त नुपुर वर्मा ने मेले की तैयारियों की जानकारी देते हुए कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा जारी की।इस वर्ष मेले में कमलेश्वर महादेव मंदिर के साथ ही शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों को भी विशेष रूप से सजाया जाएगा,जिससे पूरे नगर में उत्सव का वातावरण बनेगा।मेले के दौरान प्रतिदिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम,खेलकूद प्रतियोगिताएँ,पारंपरिक झांकियाँ,फन गेम्स,हॉट एयर बैलून राइड और वॉटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियाँ दर्शकों को आकर्षित करेंगी।
मेले की मुख्य झलकियाँ
4 नवंबर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मेले का शुभारंभ किया जाएगा। शाम 7 बजे से भजन संध्या में जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण अपनी प्रस्तुति देंगे।
5 नवंबर:गोला बाजार में स्कूली परेड और झांकी प्रतियोगिता आयोजित होगी,जिसके मुख्य अतिथि मंत्री डॉ.धन सिंह रावत होंगे। शाम को जादूगर एन.सी.सरकार का मैजिक शो और लोक गायिका हेमा नेगी करासी का कार्यक्रम होगा।
6 नवंबर:दोपहर 12 बजे मी उत्तराखंडी छौं थीम पर पहाड़ी परिधान फैशन शो तथा शाम को गैंडा वध नाटक,नटराज डांस ग्रुप की प्रस्तुति और गढ़वाली कवि सम्मेलन आयोजित होगा।
7 नवंबर:पंचतत्व बैंड (एक पहाड़ी उड़ान) और इंडियन आइडल फेम सवाई भट्ट अपनी प्रस्तुति देंगे।
8 नवंबर:चक्रव्यूह आधारित पाण्डवाणी और श्रीनगर के सितारे टैलेंट हंट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
9 नवंबर:राज्य स्थापना दिवस पर श्रीयंत्र टापू में राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। शाम को राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान समारोह और उत्तराखंड लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा,जिसमें अमित सागर,रोहित चौहान और कल्पना चौहान प्रस्तुति देंगी।
10 नवंबर:पांडवाज़ ग्रुप की विशेष प्रस्तुति शाम 7 बजे होगी।
प्रतियोगिताएँ और विशेष आकर्षण
नगर आयुक्त नुपुर वर्मा ने बताया कि मेले में कीर्तन,विद्यालय स्तरीय सांस्कृतिक,खेलकूद,रंगोली,स्वच्छता आधारित वॉल पेंटिंग और बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।साथ ही 11 से 13 नवंबर तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ होंगी बैडमिंटन:गढ़वाल विश्वविद्यालय के इंडोर स्टेडियम में महिला वॉलीबॉल:रामलीला मैदान में वेटलिफ्टिंग:आवास विकास मैदान में मेयर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की सांस्कृतिक पहचान है। इस वर्ष इसे और भव्य रूप देने के लिए नगर निगम ने व्यापक तैयारियाँ की हैं। उन्होंने नागरिकों और पर्यटकों से आग्रह किया कि वे परिवार सहित इस मेले में सम्मिलित होकर उत्तराखंड की संस्कृति का आनंद लें।नगर आयुक्त नुपुर वर्मा ने बताया कि मेले को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं।बच्चों,युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग-अलग मनोरंजक गतिविधियाँ रखी गई हैं।इस कार्यक्रम में नगर पार्षद,नगर निगम अधिकारी और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
