Spread the love

श्रीनगर बनेगा सोलर सिटी मेयर आरती भंडारी ने मुख्यमंत्री धामी की घोषणा पर जताया आभार

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।अलकनंदा तट पर बसे श्रीनगर शहर के लिए बड़ी खुशखबरी है। बैकुंठ चतुर्दशी मेले के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर निगम श्रीनगर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। इस घोषणा के क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री की ओर से नगर निगम को आदेश जारी कर दिया गया है। इस निर्णय के बाद श्रीनगर को ऊर्जा आत्मनिर्भर शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में नई उम्मीदें जाग उठी हैं। नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने मुख्यमंत्री धामी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय पूरे शहर के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। मेयर भंडारी ने कहा कि यह सपना सच होने की शुरुआत है और जल्द ही नगर निगम श्रीनगर को पूर्ण रूप से सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोलर सिटी परियोजना न सिर्फ बिजली बिलों में कमी लाएगी,बल्कि शहर को पर्यावरणीय दृष्टि से सुरक्षित और उन्नत बनाएगी।महापौर भंडारी ने आगे कहा कि सोलर सिटी परियोजना से शहर की बिजली जरूरतों में कमी आएगी,पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और श्रीनगर एक मॉडल नगर के रूप में उभरेगा।नगर निगम प्रशासन ने परियोजना से जुड़े प्रारंभिक कार्यों की तैयारी शुरू कर दी है।आने वाले समय में सार्वजनिक भवनों,स्ट्रीट लाइटों,पार्कों और नगर निगम की विभिन्न सेवाओं में सौर ऊर्जा का व्यापक उपयोग किए जाने की योजना है।शहरवासियों में इस निर्णय को लेकर उत्साह का माहौल है और सभी इसे श्रीनगर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम मान रहे हैं। परियोजना के सफल कार्यान्वयन से श्रीनगर देश के ऊर्जा आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील शहरों में अग्रणी बनकर उभरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp