Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।नन्दानगर थाना क्षेत्र में मायके से लापता हुई 34 वर्षीय विवाहिता को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। 4 दिसंबर 2025 को वादी ने थाना नन्दानगर में सूचना दी थी कि उनकी पुत्री,जो मायके आई हुई थी,3 दिसंबर को बिना बताए घर से कहीं चली गई है। परिजनों द्वारा खोजबीन किए जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया। इस आधार पर थाना नन्दानगर में गुमशुदगी क्रमांक 09/2025 पंजीकृत किया गया।गुमशुदा महिला की तलाश के लिए पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर खोजबीन की और उसके संबंध में सूचनाएं एकत्र कीं। जांच के दौरान पता चला कि महिला रुड़की,जनपद हरिद्वार में रह रही है। इस जानकारी पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क स्थापित किया और महिला से बातचीत की प्रक्रिया शुरू की। 10 दिसंबर 2025 को गुमशुदा विवाहिता अपने परिजनों के साथ स्वयं थाना नन्दानगर पहुंची। पूछताछ में उसने बताया कि 3 दिसंबर को मायके और ससुराल पक्ष में घरेलू विवाद होने के कारण वह बिना बताए नौकरी की तलाश में रुड़की चली गई थी। 9 दिसंबर को जब उसने अपनी माता से बात की,तब उसे पता चला कि उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।इसके बाद वह घर वापस लौटी।महिला ने स्पष्ट किया कि उसके साथ अनुपस्थिति के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है और वह स्वेच्छा से अपने पति के साथ जाना चाहती है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे सकुशल उसके पति के सुपुर्द कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp