Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के 13 सदस्यीय छात्रों के दल ने प्रतिष्ठित नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज (एनइसी) के फाइनल में चौथा स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति अर्जित की है। 9 से 13 दिसंबर तक आईआईटी बॉम्बे के एंटरप्रेन्योरशिप सेल (ई-सेल) में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश भर की 97 टीमों ने हिस्सा लिया। टीम ने प्रारंभिक दौरों में केस स्टडी,वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी पहेलियों और स्टार्टअप कॉन्क्लेव पर आधारित डेटा विश्लेषण के गहन दौर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चौथा स्थान हासिल किया और प्री-फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। इसके बाद टीम ने कैंपस में आयोजित समूह चर्चा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। ग्रैंड फिनाले में छात्रों ने परिसर में उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन और प्रबंधन विषय पर रणनीतिक रूपरेखा प्रस्तुत की,जिससे राष्ट्रीय रैंकिंग में चौथा स्थान सुनिश्चित हुआ। कार्यक्रम ने छात्रों को वैश्विक उद्योग जगत के दिग्गजों से रूबरू होने का अवसर प्रदान किया,जिनमें वेदांता के संस्थापक अनिल अग्रवाल,फेरारी के सीईओ बेनेडेटो विग्ना,बोट के सीईओ अमन गुप्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शामिल थे। छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर गढ़वाल विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनकी सराहना की और उज्जवल भविष्य की कामना की। कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह,कुलसचिव प्रो.राकेश कुमार ढोडी और निदेशक प्रो. हेमवती नंदन ने टीम को बधाई दी। साथ ही टेक्नोलॉजी प्री-इन्क्यूबेशन सेल के डॉ.दिगर सिंह,डॉ.रोहित महर,डॉ.वरुण बर्थवाल और डॉ.भास्करन ने टीम की विशेष सराहना की और मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp