प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। गोपेश्वर में जनसुरक्षा और अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से फायर सर्विस गोपेश्वर द्वारा होटल,रेस्टोरेंट,बारात घरों और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों का सघन फायर सेफ्टी निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण 16 दिसंबर 2025 को प्रभारी अग्निशमन अधिकारी राजीव सिंह के नेतृत्व में कस्बा गोपेश्वर क्षेत्र में किया गया। निरीक्षण के दौरान शगुन बैकेंट हॉल सुभाषनगर,अपना कैफे,जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर,टॉप एंड टॉप रेस्टोरेंट,अपूर्वा लॉज,न्यू महादेव होटल व लॉज, होटल देवदर्शन एंड कॉटेज तथा देवदर्शन एंड बैकेंट हॉल मंडल रोड गोपेश्वर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। इस दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति,फायर अलार्म सिस्टम,आपातकालीन निकास मार्ग,विद्युत वायरिंग,रसोई में गैस सुरक्षा मानक तथा अन्य अग्नि सुरक्षा प्रबंधों का गहन मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अग्निशमन यंत्रों को हमेशा क्रियाशील अवस्था में रखने,गैस सिलेंडरों और विद्युत उपकरणों का सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी बनाए रखने को कहा गया। इसके अतिरिक्त गोपेश्वर स्थित गैस गोदाम में स्थापित फायर हाइड्रेंट सिस्टम की भी जांच की गई। जांच के दौरान हाइड्रेंट की कार्यक्षमता,जल दबाव और आपात स्थिति में उसकी पहुंच व्यवस्था को परखा गया,ताकि आवश्यकता पड़ने पर जल आपूर्ति बिना किसी बाधा के उपलब्ध रह सके। फायर सर्विस गोपेश्वर द्वारा बताया गया कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे,ताकि अग्नि दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
