Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह ने विश्वविद्यालय में दैनिक एवं नियत वेतन पर कार्यरत 148 कर्मियों के प्रकरण के निस्तारण को लेकर उच्च न्यायालय नैनीताल के आदेशों के अनुपालन में एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है। इस संबंध में गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो.राकेश कुमार ढोड़ी द्वारा जारी नोटिफिकेशन में बताया गया कि विश्वविद्यालय में दैनिक और नियत वेतन पर कार्यरत 148 कर्मियों को उच्च न्यायालय नैनीताल द्वारा पारित आदेशों के अनुपालन में न्यूनतम वेतन तथा समय-समय पर देय महंगाई भत्ता आहरित किए जाने के मामले में न्यायालय में योजित वाद में पारित आदेशों के क्रम में यह समिति गठित की गई है।कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह द्वारा गठित इस उच्च स्तरीय जांच समिति में यूसीक विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो.एन.एस.पंवार को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। समिति के अन्य सदस्यों में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग नई दिल्ली के वित्त एवं संप्रेक्षा विभाग से सेवानिवृत्त उप निदेशक रमेश चंद्र भट्ट,दिल्ली विश्वविद्यालय के आंतरिक संप्रेक्षा अधिकारी एवं संयुक्त कुलसचिव पद से सेवानिवृत्त टी.वेंगादेशन,दिल्ली विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव प्रशांत कुमार तथा विधिक सहायक कुलसचिव को सदस्य बनाया गया है। वहीं सहायक कुलसचिव,कुलपति सचिवालय को समिति का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है। बताया गया है कि समिति की बैठक शीघ्र आहूत कर विस्तृत जांच के बाद यथाशीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp