Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से बैंक स्थापना दिवस के अवसर पर एक रचनात्मक और प्रेरणादायक पहल की गई। 19 दिसंबर 2025 को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर हाईस्कूल,श्रीनगर में कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया,जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना और उनमें कला के प्रति रुचि विकसित करना रहा। कार्यक्रम में छात्राओं ने अपनी कल्पनाशक्ति और कलात्मक कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया,जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। प्रतियोगिता में आरुषि ने प्रथम स्थान,शाहिन वानो ने द्वितीय स्थान और सोनम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधन द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान बैंक प्रबंधन ने छात्राओं की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ.मुकेश मैठाणी ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक द्वारा किया गया यह आयोजन छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम होते रहने चाहिए। विद्यालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और उत्सवपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ,जिसमें शिक्षकगण,विद्यार्थी और बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp