Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा पुलिस कार्यालय गोपेश्वर सभागार में अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी/सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा समस्त थाना एवं शाखा प्रभारियों को अपने अधीन कार्यरत कर्मियों की समस्याओं के त्वरित,मानवीय एवं प्रभावी समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि क्रिसमस एवं नववर्ष के दौरान होने वाले सभी आयोजनों में सुदृढ़ अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।इसके अंतर्गत जनपद के समस्त बैंकेट हॉल,होटल,रेस्टोरेंट,धर्मशालाओं,होमस्टे एवं अन्य आयोजन स्थलों का समय रहते निरीक्षण कर अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र,उसका नवीनीकरण तथा फायर उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। साथ ही भवन स्वामी,प्रबंधक एवं स्टाफ को अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए। एसपी चमोली ने निर्देश दिए कि क्रिसमस एवं नववर्ष के अवसर पर संभावित घटनाओं को देखते हुए अत्यंत सतर्क,सूक्ष्म एवं प्रो-एक्टिव पुलिसिंग अपनाई जाए। साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मंदिरों का फायर सेफ्टी ऑडिट,प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा हुड़दंगियों पर नियंत्रण के निर्देश भी दिए गए।नववर्ष आयोजनों के नाम पर होने वाली साइबर ठगी को गंभीरता से लेते हुए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग,जागरूकता एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। औली,चोपता एवं अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बाहरी राज्यों से भारी संख्या में पर्यटकों के आगमन को देखते हुए सभी पर्यटन स्थलों पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था,जनपद की सीमाओं एवं आंतरिक बैरियरों पर सघन वाहन चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। 31 दिसंबर/न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान शराब पीकर अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने तथा होटल, ढाबों,होमस्टे एवं धर्मशालाओं में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। ठंड के मौसम में आपराधिक गतिविधियों की संभावनाओं को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को नियमित रात्रि गश्त,पिकेट ड्यूटी एवं भ्रमणशीलता सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। कोहरे एवं धुंध के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु भारी एवं अन्य वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का विशेष अभियान चलाने तथा पाला प्रभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित विवेचनाओं में गुणवत्तापूर्ण,तथ्यपरक एवं समयबद्ध विवेचना सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। लंबित विवेचनाओं की थानावार समीक्षा कर उन्हें शीघ्र निस्तारित करने,सम्मन/वारंट/कुर्की की प्रभावी तामील तथा लंबित मालों के नियमानुसार निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।इसके अतिरिक्त सभी थाना/चौकी/शाखाओं में प्रत्येक रविवार को श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडे द्वारा विवेचकों को विवेचना के विभिन्न महत्वपूर्ण तथ्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने विवेचना के दौरान साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन,कानूनी प्रावधानों के सही अनुप्रयोग,केस डायरी के सुव्यवस्थित लेखन,समयबद्ध विवेचना एवं न्यायालय में प्रभावी प्रस्तुतीकरण पर विशेष बल दिया। गोष्ठी में विगत माह में अपनी ड्यूटी के दौरान सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों 1-वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद रावत 2-वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रकाश 3-उपनिरीक्षक रुकम सिंह 4-अपर उपनिरीक्षक दलवीर सिंह 5-अपर उपनिरीक्षक देवेन्द्र भारती 6-अपर उपनिरीक्षक मनोज पटवाल 7-हेडकांस्टेबल अरुण गैरोला 8-हेड कांस्टेबल सतीश रावत 9-हेड कांस्टेबल नागेन्द्र 10-हेड कांस्टेबल अमरदेव 11-हेड कांस्टेबल गोपाल बिष्ट 12-हेड कांस्टेबल सतेन्द्र 13-कांस्टेबल आशुतोष तिवारी 14-कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह 15-कांस्टेबल प्रदीप रावत 16-कांस्टेबल भरत टोलिया 17-कांस्टेबल अंकित 18-कांस्टेबल पंकज मैखुरी 19-कांस्टेबल मुकेश सैलानी 20-महिला कांस्टेबल शाहीन 21-होमगार्ड यशपाल 22-महिला होमगार्ड शिवानी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट,पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा,मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश बिष्ट,ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडे सहित समस्त थाना प्रभारी,शाखा प्रभारी एवं अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp