प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार की ओर से विशेष निरीक्षण एवं नमूना संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में विभागीय टीमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों और सीमाओं पर लगातार निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में बुधवार 28 अक्टूबर 2026 को विभागीय टीमों ने भेड़पुर चौराहा भगवानपुर सिडकुल और नारसन क्षेत्र सहित हरिद्वार नगर में खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले वाहनों तथा विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान दूध गजक पेड़ा पनीर मावा और मावा बर्फी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 13 विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों और वाहन संचालकों को नोटिस भी जारी किए गए। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार महिमानंद जोशी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन योगेंद्र पांडेय और पवन कुमार के साथ भेड़पुर चौराहा भगवानपुर तथा सिडकुल क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले वाहनों मिठाई वाहनों और दूध वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान खुले दूध के चार नमूने और गजक मिठाई के दो नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान भगवानपुर स्थित गजक निर्माता कंपनी वैश्य इंटरप्राइजेज की ओर से अपने इनवॉइस पर अनिवार्य भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी एफएसएसएआई का लाइसेंस नंबर अंकित नहीं किया गया था। इसके साथ ही गजक के पैकेट पर बैच नंबर और अन्य आवश्यक लेबल संबंधी प्रावधानों का पालन नहीं पाया गया। इस पर कंपनी को नोटिस जारी किया गया। वहीं एक दूध वाहन मालिक मौके पर आपूर्ति संबंधी खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर उसे भी नोटिस दिया गया। इसके अतिरिक्त दो वाहनों में तापमान नियंत्रित रखने की उचित व्यवस्था के बिना दूध की बिक्री किए जाने पर संबंधित वाहन संचालकों को नोटिस जारी किए गए। विभागीय टीम ने सिडकुल क्षेत्र स्थित रिलायंस स्टोर्स के डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां पेड़ा मिठाई के दो नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। तापमान नियंत्रित रखने वाले चिलर पैड गंदे पाए गए और बॉक्स के ऊपर तथा अंदर धूल जमा मिली। सफाई एवं सैनिटाइजेशन में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक और अन्य रसायन एक्सपायरी के करीब वाले उत्पादों के क्षेत्र तथा स्वीकृत उत्पादों के भंडारण क्षेत्र के बीच रखे पाए गए। इसके अलावा सामान की आवाजाही करने वाले वाहनों की सफाई से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं मिले। इन अनियमितताओं को देखते हुए डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर को सुधार के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। इसी अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा और कपिल देव की टीम ने पुलिस विभाग के साथ नारसन पुलिस चेक पोस्ट पर बाहरी राज्यों से उत्तराखंड में लाए जा रहे खाद्य एवं पेय पदार्थों के वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान नारसन क्षेत्र से दूध पनीर मावा और मावा बर्फी सहित कुल चार खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए गए। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने नगर निगम क्षेत्र हरिद्वार में विभिन्न मिठाई विक्रेता प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों और बेकरी उत्पादों पर निर्माण तिथि तथा उपयोग की अंतिम तिथि प्रदर्शित करने संबंधी आदेशों के अनुपालन की जांच की गई। मिठाई निर्माण करने वाले कारखानों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान एक मिठाई कारखाने से पेड़ा का एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार पूरे अभियान के दौरान जनपद में कुल 13 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। विभाग की ओर से दीपावली पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण तथा नमूना संग्रह की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों और वाहन संचालकों के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
