Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में विधानसभा सत्र के बाद श्रीनगर होते हुए सड़क मार्ग से देहरादून लौटते समय विभिन्न स्थानों पर रुककर विकास कार्यों और जनसुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को एक नवंबर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित सुगम और गुणवत्तापूर्ण आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने देवप्रयाग से श्रीनगर की ओर जाते हुए श्रीनगर-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित इंजीनियरों से कार्यों की वर्तमान स्थिति अब तक हुई प्रगति तथा आगे की कार्ययोजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माण कार्यों में जुटे इंजीनियरों और श्रमिकों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। साथ ही मौके पर कार्य कर रहे कर्मचारियों से उनके कार्यों के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इंजीनियरों और श्रमिकों के साथ फोटो भी खिंचवाई। देहरादून लौटते समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवप्रयाग के पास सड़क मार्ग पर स्थित सुलभ शौचालय का निरीक्षण किया। वहां स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिशासी अधिकारी को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवप्रयाग में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यहां स्वच्छता बनाए रखना बेहद आवश्यक है। सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके बाद मुख्यमंत्री एक चाय की दुकान पर रुके और दुकानदार से आत्मीय संवाद कर उसका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने देवप्रयाग संगम के दर्शन किए और मां गंगा को हाथ जोड़कर नमन किया। मुख्यमंत्री ने यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सड़कों की स्थिति का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सड़क सुधार कार्यों की प्रगति तथा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएं और एक नवंबर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का लक्ष्य पूरा किया जाए। इस दौरान मुख्यमंत्री कीर्तिनगर के मलेथा स्थित भाजपा कार्यालय भी पहुंचे। यहां उन्होंने उपस्थित पार्टी प्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और स्थानीय लोगों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित सुगम और गुणवत्तापूर्ण आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़कें प्रदेश की यातायात व्यवस्था और आमजन की दैनिक जरूरतों का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसलिए सड़क सुधार कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में पूरी गंभीरता बरती जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *