प्रदीप कुमार
झबरेड़ा-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने पुलिस मुख्यालय से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 44 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई नशा मुक्त देवभूमि मिशन को साकार करने और अवैध शराब की बिक्री व तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अवैध शराब बेचने और तस्करी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना झबरेड़ा पुलिस ने 27 अक्टूबर 2026 को ग्राम डेलना लोदी वाला तिराहे के पास कार्रवाई करते हुए शिवकुमार को 44 टेट्रा पैक देशी शराब के साथ पकड़ा। गिरफ्तार आरोपित की पहचान शिवकुमार पुत्र सुक्कड़ निवासी डेलना कोतवाली झबरेड़ा जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल 0134 बसंत कुमार और होमगार्ड अंकित कुमार शामिल रहे।
