Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।हरिद्वार–नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने और अनफिट व ओवरलोड वाहनों के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से परिवहन विभाग हरिद्वार द्वारा सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा और संभागीय निरीक्षक हरिद्वार के संयुक्त नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस के सहयोग से संचालित किया गया। अभियान के दौरान वाहनों की तकनीकी फिटनेस,संरचनात्मक स्थिति और भार क्षमता की गहन जांच की गई। साथ ही दस्तावेजों,ड्राइविंग लाइसेंस और यातायात नियमों के पालन की भी सख्ती से जांच की गई। संयुक्त टीम में टास्क फोर्स चिड़ियापुर प्रभारी भारत भूषण,इंटरसेप्टर हरिद्वार प्रभारी वरुणा सैनी,यातायात सहायक उपनिरीक्षक संजय चौहान और यातायात निरीक्षक हितेश कुमार शामिल रहे। जांच के दौरान बड़ी संख्या में वाहन ओवरलोड,तकनीकी रूप से अनफिट,बिना वैध दस्तावेज,बिना ड्राइविंग लाइसेंस और बिना नंबर प्लेट के चलते पाए गए। कार्रवाई से बचने के प्रयास में कुछ चालक अपने वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए,जिनके विरुद्ध वाहन स्वामी के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 50 से अधिक वाहनों के चालान किए गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित 5 वाहनों को जब्त किया गया। इसके साथ ही ₹2 लाख से अधिक का संयोजन शुल्क वसूला गया। सड़क सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से संयुक्त टीम द्वारा वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप भी लगाए गए,जिससे रात के समय दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। परिवहन विभाग और हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अनफिट और ओवरलोड वाहनों के संचालन को लेकर ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। भविष्य में भी इस प्रकार की संयुक्त और सख़्त प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।साथ ही वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की गई है कि वे वाहनों की तकनीकी फिटनेस बनाए रखें,निर्धारित भार सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का पूर्ण रूप से अनुपालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp