प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के सफल,सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में 20 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग के सभागार में जिलाधिकारी प्रतीक जैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में केदारनाथ धाम यात्रा से जुड़ी प्रारंभिक तैयारियों,आवश्यक व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यात्री सुविधाएं, सड़क और पैदल मार्गों की स्थिति,स्वास्थ्य सेवाएं,पेयजल व्यवस्था,विद्युत आपूर्ति,स्वच्छता,आवास,यातायात प्रबंधन,सुरक्षा व्यवस्था,आपदा प्रबंधन और संचार व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार किया जाएगा। जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएंगे कि यात्रा को लेकर अभी से ठोस कार्ययोजना बनाकर आपसी समन्वय के साथ कार्य प्रारंभ किया जाए,ताकि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं चरणबद्ध तरीके से मजबूत की जा सकें। साथ ही आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक एहतियाती कदम उठाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। बैठक में पुलिस,स्वास्थ्य,लोक निर्माण विभाग,पेयजल,विद्युत,नगर निकाय,पर्यटन,परिवहन,आपदा प्रबंधन सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी प्रतिभाग करेंगे। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के लिए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं,जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित,सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके।
