Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ,स्वच्छ और सुंदर जनपद बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व और निर्देशन में पिछले दो माह दो दिन से निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान शहर से लेकर गांव और कस्बों तक संचालित किया जा रहा है,जिसका असर अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।जनपद को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में सफाई अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा जिला स्तरीय अधिकारियों का विभागवार रोस्टर जारी किया गया है। इसके तहत 31 जनवरी तक जनपद में महा स्वच्छता अभियान पखवाड़ा चलाया जा रहा है।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वच्छता अभियान में जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है,उसका निर्वहन पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए,ताकि तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर जनपद बनाया जा सके।आज जनपद में महा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों और संस्थाओं द्वारा व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किया गया। बीएचईएल नगर प्रशासन द्वारा पीठ बाजार मार्ग,सेक्टर-1 से शिव मंदिर चौराहे तक सफाई अभियान चलाया गया,जिसमें मार्ग के दोनों ओर से कूड़ा-कचरा एकत्रित किया गया। पीएसी की 40वीं वाहिनी द्वारा परिसर क्षेत्र में सफाई अभियान संचालित किया गया। वहीं भारत स्काउट गाइड द्वारा हरकी पैड़ी नाई घाट क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया,जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया।एनएचएआई द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग रानीपुर झाल,दुधाधारी फ्लाईओवर ब्रिज और बहादराबाद बाईपास क्षेत्र में साफ-सफाई कार्य कराया गया।लोक निर्माण विभाग की ओर से सप्तऋषि रोड क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया। खंड विकास अधिकारियों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान संचालित किया गया।खंड विकास अधिकारी खानपुर द्वारा खानपुर बॉर्डर से ग्राम पंचायत गोरधनपुर तक सफाई कराई गई,जिसमें लगभग 7 कुंटल कूड़ा-कचरा एकत्रित किया गया। खंड विकास अधिकारी रुड़की द्वारा ग्राम पंचायत माधोपुर और हजरतपुर क्षेत्र में सफाई कार्य कराया गया।वहीं खंड विकास अधिकारी नारसन द्वारा गुरुकुल नारसन,बूदपुर जट सहित अन्य क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया।जिला प्रशासन की ओर से जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे इस महा स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें,ताकि हरिद्वार को स्वच्छ,सुंदर और आदर्श जनपद के रूप में विकसित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp