Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल में नगर निगम सभागार में एक अहम पहल की गई,जिसका उद्देश्य शहरवासियों को ध्वनि प्रदूषण से राहत दिलाना और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित व सुव्यवस्थित बनाना है। इस पहल के तहत नगर निगम,प्रशासन,परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई,जिसमें श्रीनगर को हॉर्न फ्री जोन और नो ओवरटेकिंग जोन घोषित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में यह तथ्य सामने आया कि शहर में वाहनों द्वारा प्रेशर हॉर्न का अनावश्यक प्रयोग लगातार बढ़ रहा है,जिससे आम नागरिकों,विद्यार्थियों,मरीजों और वरिष्ठ नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों,अस्पतालों और संवेदनशील क्षेत्रों में ध्वनि प्रदूषण गंभीर समस्या बनता जा रहा है। नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल की महापौर आरती भंडारी ने इस अभियान की शुरुआत स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए की।उन्होंने अपनी सरकारी गाड़ी में हॉर्न का प्रयोग बंद कर दिया है। बताया गया कि पिछले दो दिनों से महापौर की गाड़ी में हॉर्न नहीं बजाया गया,जिससे आम लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि किसी भी सकारात्मक बदलाव की शुरुआत पहले स्वयं से होनी चाहिए। सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पौड़ी मंगल सिंह ने कहा कि हॉर्न फ्री जोन समय की आवश्यकता है। श्रीनगर एक प्रमुख शिक्षा केंद्र है,जहां विश्वविद्यालय,स्कूल और अस्पताल स्थित हैं। अनावश्यक हॉर्न से लोग लगातार प्रभावित होते हैं। नगर निगम द्वारा प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद परिवहन विभाग प्रशासन और पुलिस के सहयोग से नियमों का सख्ती से पालन कराएगा तथा उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।महापौर आरती भंडारी ने कहा कि नगर निगम बोर्ड की आगामी बैठक में श्रीनगर को हॉर्न फ्री जोन घोषित करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। नगर निगम का लक्ष्य शहर को शांत,सुरक्षित और अनुशासित बनाना है। हॉर्न फ्री और नो ओवरटेकिंग जोन लागू होने से ध्वनि प्रदूषण में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। इस दिशा में प्रशासन,परिवहन विभाग और पुलिस के सहयोग से चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार,प्रस्ताव पारित होने के बाद शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों,अस्पतालों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में हॉर्न फ्री जोन लागू किए जाएंगे। साथ ही इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इस पहल से श्रीनगर को एक शांत,स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।बैठक में उप जिलाधिकारी श्रीनगर नुपुर वर्मा,सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पौड़ी मंगल सिंह,तहसीलदार दीपक भंडारी,अपर उप निरीक्षक शशि भूषण,सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी,नगर निगम के पार्षद और निगम के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp