प्रदीप कुमार
पिरान कलियर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार जनपद में ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने नाबालिग के अपहरण के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर संरक्षण में भेज दिया है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की। पुलिस के अनुसार आरोपी पर विवाह करने के बहाने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 सितंबर 2026 को थाना पिरान कलियर क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री के अपहरण के संबंध में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में रुपिन पुत्र चंद्रसिंह निवासी ग्राम आमखेड़ी निकट शिव मंदिर थाना मंगलौर जनपद सहारनपुर को आरोपी बताया गया था। शिकायत के आधार पर कोतवाली पिरान कलियर में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बहादराबाद के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिरान कलियर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने नाबालिग की सकुशल बरामदगी और नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डिजिटल साक्ष्यों की जांच की। इसके साथ ही मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से लगातार सुरागरसी और पतारसी की गई। पुलिस के अनुसार लगातार प्रयासों के बाद 21 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर खेलड़ी तिराहे से आरोपी रुपिन को हिरासत में लिया गया। इसी दौरान नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामद नाबालिग को जिला बाल कल्याण अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद संरक्षण में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग को विवाह करने के बहाने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की बात बताई। मामले में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत अन्य संबंधित प्रावधानों को जोड़ते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रुपिन पुत्र चंद्रसिंह निवासी ग्राम आमखेड़ी निकट शिव मंदिर थाना मंगलौर जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 29 वर्ष बताई गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और उपनिरीक्षक महिपाल सैनी के साथ कांस्टेबल प्रदीप सिंह तथा महिला पीआरडी ममता शामिल रहीं।
