Spread the love

प्रदीप कुमार
देवप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की डागर पट्टी स्थित दूरस्थ टोला गांव के लिए यह दिन ऐतिहासिक बन गया,जब करीब 40 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद पहली बार गांव तक मोटर सड़क पहुंची। सड़क पहुंचते ही पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया।ग्रामीणों ने ढोल दमाऊ की गूंज के साथ खुशी मनाई और इस उपलब्धि के लिए क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी का भव्य स्वागत किया गया। टोला गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक विनोद कंडारी ने राड़ागाड़ा से टोला तक लगभग 5 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के नव निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इस सड़क के निर्माण के लिए 1 करोड़ 66 लाख 87 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। वर्षों से सड़क सुविधा से वंचित रहे गांव के लिए यह पल किसी सपने के साकार होने जैसा रहा।ग्रामीणों ने इसे केवल सड़क का उद्घाटन नहीं,बल्कि विकास और बेहतर भविष्य की शुरुआत बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि पहले वे टोला गांव को डागर पट्टी का अंतिम गांव मानते थे,लेकिन अब सड़क जुड़ने के बाद यह उनकी डागर पट्टी का पहला गांव बन गया है। उन्होंने कहा कि इस गांव और यहां के लोगों से उनका गहरा जुड़ाव है और विधायक बनने के बाद उन्होंने गांव तक सड़क पहुंचाने का जो वादा किया था,आज उसे पूरा किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वादा निभाना उनकी राजनीति की पहचान है।विधायक ने वर्ष 2017 की एक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि उस समय प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला की रास्ते में ही मौत हो गई थी। इसी घटना ने उन्हें इस गांव तक सड़क पहुंचाने के लिए लगातार संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पीएमजीएसवाई और लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़क का निर्माण ग्रामीणों के सहयोग और विश्वास से संभव हो सका। सड़क लोकार्पण के अवसर पर दिल्ली,चंडीगढ़,देहरादून, रुद्रप्रयाग सहित देश के विभिन्न हिस्सों से लोग अपने पैतृक गांव पहुंचे,जिससे गांव में नई ऊर्जा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विधायक ने भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए सड़क को जाखी घनसाली और बडियारगढ़ से जोड़ने का आश्वासन दिया। साथ ही गांव के विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये देने और भूमि उपलब्ध होने पर खेल मैदान बनाने की घोषणा भी की। टोला,ग्वाड और राड़ागाड़ा विकास मंच के अध्यक्ष डॉ.वीरेंद्र बर्तवाल ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क पहुंचने से अब रिवर्स पलायन की शुरुआत हो गई है और शिक्षा,स्वास्थ्य व रोजगार की सुविधाएं गांव तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्र पाल चौहान ने कहा कि जो काम बड़े स्तर पर नहीं हो पाए,वह कार्य इस सड़क के रूप में पूरा हुआ है,जिससे ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह है। कार्यक्रम के दौरान सड़क निर्माण के लिए वर्षों तक संघर्ष करने वाले ग्रामीणों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र बर्तवाल ने किया। इस अवसर पर प्रधान शोभा देवी,उपप्रधान राजेश्वरी देवी,आलम सिंह बर्तवाल,विजयपाल बर्तवाल,गुलाब सिंह बर्तवाल,विजय सिंह,कर्ण सिंह,सुरजन सिंह,मंगल सिंह,अनुसूया प्रसाद,कृपाल सिंह,विक्रम नेगी,रमेश सिंह,सुशीला देवी,बुद्धा देवी,पिंकी देवी,काजल देवी,मकानी देवी,पूजा देवी,भवानी देवी,आलम जयाडा,सुरेश नेगी,शिव सिंह,विकास मेहरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण,महिलाएं और बुजुर्ग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp