Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली श्रीनगर गढ़वाल।26 जनवरी 2026 को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस मैदान,गोपेश्वर में भव्य और ऐतिहासिक गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत उस गौरवपूर्ण क्षण के साथ हुई जब पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार और जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार द्वारा परेड की सलामी ली गई। इसके बाद मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया।परेड के प्रत्येक कदम,कमांड और मार्चपास्ट में जवानों का जोश,अनुशासन और देशभक्ति स्पष्ट रूप से दिखाई दी। परेड की कमान पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने संभाली। उनके साथ निरीक्षक यातायात दिगम्बर उनियाल और उपनिरीक्षक सम्पूर्णानन्द जुयाल ने द्वितीय और तृतीय कमान का दायित्व निभाया। जवानों की सटीकता और तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस वर्ष की परेड में जिला पुलिस,पीएसी,संचार,फायर सर्विस की महिला टुकड़ियाँ,होमगार्ड्स महिला व पुरुष, वन विभाग और एनसीसी महिला कैडेट्स शामिल रहीं। परेड का विशेष आकर्षण क्राइस्ट एकेडमी,कोठियालसैंण के नन्हे-मुन्ने बच्चों का बैंड प्रदर्शन रहा,जिनकी मधुर धुनों और ऊर्जा ने सभी का दिल जीत लिया। इसके पश्चात पुलिस और अन्य विभागों की झांकियों का प्रदर्शन किया गया। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत,नृत्य,नाटक और स्थानीय संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं,जिससे दर्शकों में देश के प्रति गर्व और प्रेरणा का भाव जागृत हुआ। ताइक्वांडो के बच्चों द्वारा प्रदर्शित कौशल,साहस और अनुशासन भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए होमगार्ड महिला प्लाटून को प्रथम,सशस्त्र पुलिस प्लाटून को द्वितीय और पीएसी प्लाटून को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।झांकियों में उद्यान विभाग प्रथम,उद्योग विभाग द्वितीय और ग्राम्य विकास विभाग तृतीय स्थान पर रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सुबोध प्रेम विद्या मंदिर प्रथम,पीस पब्लिक स्कूल द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर तृतीय स्थान पर रहा। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों,उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और साहस व प्रतिभा का परिचय देने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में विधायक थराली भूपाल राम टम्टा,नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर सन्दीप रावत,नगर पालिका अध्यक्ष कर्णप्रयाग गणेश लाल,मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी,अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश,कर्नल सौरभ पती,कर्नल आर.के.गोयत,पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट,मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश बिष्ट सहित जनपद स्तरीय अधिकारी,गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp