Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। अधिवर्षता आयु पूर्ण कर हरिद्वार पुलिस से सेवानिवृत्त हुए दो पुलिस कर्मियों के सम्मान में पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में शुक्रवार को गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में भावुक क्षण देखने को मिले,जहां अधिकारियों और सहकर्मियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों के साथ बीते वर्षों की यादें साझा कीं। 31 जनवरी 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल,पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र मेहरा,पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी लाइन निशा यादव,पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर जितेन्द्र चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों को फूलमाला पहनाकर स्मृति चिन्ह भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विदाई कार्यक्रम के दौरान सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई,जिसमें अधिकारियों,कर्मचारियों और परिजनों ने एक-दूसरे के साथ पुराने अनुभव और यादगार लम्हों को साझा किया। परिजनों की मौजूदगी ने इस अवसर को और भी भावनात्मक एवं यादगार बना दिया। इस अवसर पर अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए कर्मियों में एफएसएसओ अब्दुल जब्बार खां और एलएमएफ राजेश कुमार शामिल रहे। अब्दुल जब्बार खां ने वर्ष 1987 में फायरमैन के रूप में पुलिस विभाग में अपनी सेवा शुरू की थी। वर्ष 2013 में लीडिंग फायरमैन तथा वर्ष 2025 में एफएसएसओ पद पर पदोन्नत हुए। लगभग 38 वर्षों की विभागीय सेवा के बाद वे सेवानिवृत्त हुए। एलएमएफ राजेश कुमार मूल रूप से जनपद पौड़ी के निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 1989 में फायरमैन के रूप में पुलिस विभाग में प्रवेश किया और वर्ष 2017 में लीडिंग फायरमैन पद पर पदोन्नत हुए। करीब 36 वर्षों की विभागीय सेवा के पश्चात वे सेवानिवृत्त हुए। कार्यक्रम के अंत में दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों को ससम्मान विदा किया गया। अधिकारियों ने कहा कि विभाग में उनकी सेवाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी और आने वाले कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp