Spread the love

प्रदीप कुमार हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार संत शिरोमणी श्री रविदास जयंती के अवसर पर जनपद हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में भव्य जुलूस निकाले जा रहे हैं। जुलूसों के दौरान शांति,सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर जनपदभर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जुलूसों के आयोजन से पूर्व सभी कोतवाली और थाना स्तर पर संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं,सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सहयोग की अपील की गई। हरिद्वार पुलिस द्वारा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं,ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो सकें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने या शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस टीमें मुस्तैद हैं। हरिद्वार पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि जुलूसों और कार्यक्रमों के दौरान शांति,सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। यदि कोई व्यक्ति शांति भंग करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस इकाई को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp