Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। रुद्रप्रयाग बधाणीताल-भुनालगांव मोटर मार्ग निर्माण को लेकर गठित संघर्ष समिति ने जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने जिला कार्यालय में जिलाधिकारी प्रतीक जैन से भेंट कर मोटर मार्ग निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। भेंट के दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित बधाणीताल-भुनालगांव मोटर मार्ग की वर्तमान स्थिति,निर्माण में आ रही समस्याओं और आगे की कार्ययोजना को लेकर अपनी बात रखी। जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों को निर्माणाधीन मोटर मार्ग की अद्यतन स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं तथा शासन स्तर पर लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने दिया जाएगा और प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी से सकारात्मक बातचीत और स्पष्ट आश्वासन मिलने के बाद मोटर मार्ग संघर्ष समिति ने 10 फरवरी 2026 से प्रस्तावित अनशन,धरना और प्रदर्शन कार्यक्रम को स्थगित करने की घोषणा की। इस अवसर पर मोटर मार्ग संघर्ष समिति के अध्यक्ष शिव लाल ने जिलाधिकारी प्रतीक जैन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व में जब ग्रामीणों द्वारा लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में अनशन किया गया था,तब जिलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे थे और ग्रामीणों को मोटर मार्ग निर्माण को लेकर भरोसा दिलाया था। उन्होंने कहा कि उसी समय से जिलाधिकारी द्वारा लगातार इस सड़क के निर्माण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं,जिनके सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। ज्येष्ठ प्रमुख जखोली नवीन सेमवाल ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा इस पूरे प्रकरण में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा गया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से जुड़ी प्रत्येक प्रगति की जानकारी समय-समय पर जनप्रतिनिधियों के साथ साझा की गई,जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रही। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मोटर मार्ग निर्माण से संबंधित वन विभाग की आवश्यक औपचारिकताएं भी अब पूर्ण हो चुकी हैं,जिससे निर्माण कार्य शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। बांगर संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय सेमवाल ने कहा कि जिलाधिकारी ने इस मोटर मार्ग के निर्माण को लेकर व्यक्तिगत रुचि लेते हुए विशेष प्रयास किए,जिसके चलते आज सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा संबंधित सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं,ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके और क्षेत्रवासियों को शीघ्र सड़क सुविधा का लाभ मिल सके। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार के साथ ही पूर्वी बांगर और पश्चिमी बांगर क्षेत्र के विभिन्न ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp