Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार

हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा की अध्यक्षता में विकासखंड रुड़की की न्याय पंचायत खंजरपुर स्थित पंचायत घर टोडा कल्याणपुर अहतमाल में जन जन की सरकार,जन जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से 2251 क्षेत्रवासियों को लाभान्वित किया गया,जबकि 1245 लोगों को विभिन्न प्रमाण पत्र जारी किए गए। कार्यक्रम में कुल 5238 लोगों ने प्रतिभाग किया। शिविर के दौरान क्षेत्रवासियों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 66 समस्याएं दर्ज कराई गईं,जिनमें से 46 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) देशराज कर्णवाल ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश की सभी न्याय पंचायतों में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच रहे हैं और विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। शिविर में दर्ज शिकायतों में भूमि विवाद,अतिक्रमण,विद्युत बिल,जलभराव,चकरोड़ और साफ-सफाई से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं। बहुउद्देशीय शिविर के माध्यम से क्षेत्रीय जनता को व्यापक लाभ मिल रहा है। राज्य मंत्री एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा क्षेत्रवासियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम में जिन शिकायतों का निस्तारण नहीं हो पाया है,उनका तत्परता से समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविर में विधायक उमेश कुमार शर्मा,ग्राम प्रधान वाजिद अली,जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश,खंड विकास अधिकारी सुमन कोटियाल सहित क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रधान,पंचायत सदस्य, अधिकारी,कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp